सड़क पर अवैध घास मंडी, अफसर मौन, लोग परेशान
सहारनपुर। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बेहट अड्डे से आगे सड़क पर अवैध रूप से चल रही घास मंडी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नगर निगम ने घास मंडी का ठेका मार्च में निरस्त कर दिया था और पुलिस को दो बार मंडी हटवाने के लिए पत्र लिखे जा चुके हैं। मंडी की वजह से हाईवे पर रोजाना जाम लगता है और लोग भी चोटिल हो चुुके हैं। मंडी की वजह से स्कूली बच्चों सहित क्षेत्रीय कारोबारी और लोग परेशान हैं।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कुष्ठ आश्रम वाली गली के बराबर में घास मंडी लगती थी, जिस कारण क्षेत्रवासियों को वहां से निकलने में मुसीबत झेलनी पड़ती थी। लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम ने घास मंडी का ठेका निरस्त कर दिया था। इसके बाद अवैध रूप से दिल्ली-हाईवे पर कुष्ठ आश्रम के पास सड़क के दोनों तरफ रोजाना सुबह घास मंडी लगनी शुरू हो गई। बेहट रोड के कारोबारी हरीश मित्तल का कहना है कि घास मंडी की वजह से यातायात संचालन पूरी तरह बाधित हो जाता है और सड़क पर गंदगी फैलती है। सड़क के दोनों ओर खड़ी होने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों की वजह से राहगीर आए दिन चोटिल भी होते हैं और दुकानें खोलने में भी दिक्कत आती है। सुबह के समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
डिफेंस कॉलोनी निवासी अहतेशाम का कहना है कि घास मंडी की वजह से सड़क के दोनों तरफ की गलियां बंद हो जाती हैं, जिससे स्कूली बच्चों को निकलने में मुसीबत झेलनी पड़ती है। जाम लगने की वजह से वाहन फंस जाते हैं। ट्रैक्टर-ट्रालियां बेतरतीब खड़ी कर दी जाती हैं। अगर कोई व्यक्ति अवैध रूप से मंडी लगाने वाले लोगों को रोकता है तो वह अभद्रता करने के साथ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
बेहट रोड के दवा कारोबारी शिवम का कहना है कि रोजाना सुबह पांच बजे से लेकर 10 बजे तक सड़क पर अवैध रूप से घास मंडी लगती है, जिस कारण अतिक्रमण होता है। पहले गली में मंडी लगती थी, जिसे स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम ठेका निरस्त कर उसे हटवा दिया था, लेकिन अब सड़क पर अवैध रूप से मंडी का संचालन हो रहा है। सुबह यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। साथ ही सड़क पर गंदगी भी फैलती है।
बेहट रोड निवासी राजेंद्र का कहना है कि नगर निगम की ओर से कार्रवाई हो चुकी है। शिकायत करने के बावजूद भी पुलिस-प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है, जिस वजह से लोग परेशान हैं।
नगर निगम कर चुका है कार्रवाई: महापौर
महापौर संजीव वालिया का कहना है कि बेहट रोड पर कुष्ठ आश्रम के आसपास अवैध रूप से घास मंडी संचालित हो रही है। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम की ओर से मार्च में घास मंडी का ठेका निरस्त कर दिया था। इसके बाद लोगों की शिकायतें मिली हैं कि सड़क पर अब अवैध रूप से घास मंडी लग रही है। इसे हटवाने के लिए दो बार नगर निगम की ओर से पुलिस को पत्र लिखा जा चुका है। आगे की कार्रवाई अब पुलिस को करनी है।
निगम के सहयोग से करेंगे कार्रवाई: एसपी ट्रैफिक
एसपी ट्रैफिक अपर्णा गुप्ता का कहना है कि घास मंडी की वजह से अतिक्रमण होने और यातायात बाधित होने की जानकारी मिली है। नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण के साथ ही अवैध रूप से लगने वाली घास मंडी को हटवाया जाएगा। क्षेत्रवासियों की परेशानी को देखते हुए पुलिस की ओर से नगर निगम का पूरा सहयोग किया जाएगा।