सहारनपुर। कोरोना संक्रमित मामले कम होने पर खुले बाजारों में खूब भीड़ उमड़ रही है। सोशल डिस्टेंस का नागरिक पालन नहीं कर रहे हैं, जबकि पुलिस की ओर से लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ रोजाना कार्रवाई की जा रही है।
बृहस्पतिवार को भी नेहरू मार्केट, चौकी सराय, नखासा बाजार, शहीदगंज बाजार, मोरगंज बाजार, किशनपुरा स्थित दवा मार्केट, दाल मंडी पुल, सब्जी मंडी, कोर्ट रोड, बाजोरिया रोड, अंबाला रोड, दिल्ली रोड सहित अनेक बाजारों में भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में नागरिक व दुकानदार सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए नजर नहीं आए। वहीं, पुलिस की ओर से रोजाना लापरवाही बरतने और बिना मास्क के घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद नागरिकों की मनमानी कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को भी बिना मास्क लगाए घूम रहे 65 लोगों का पुलिस ने चालान किया। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।