सहारनपुर। पेट की समस्या का मुख्य कारण खानपान की खराबी और अनियमित दिनचर्या है। देर रात तक जागना व देर से उठने के साथ खाने-पीने का समय भी बदल गया है। पेट में गैस बनती है या फिर भूख नहीं लगती। ऐसे में रोजाना तीन से चार लीटर पानी पीना चाहिए। अगर किसी को जोड़ों और अंगुलियों में दर्द रहता है तो वह आयुर्वेद में लोहासव और अश्वगंधा को मिलाकर पीएंगे तो आराम मिलेगा। अमर उजाला के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में एसबीडी जिला अस्पताल के आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. प्रयास नागियान ने मोबाइल फोन के जरिए पाठकों को कुछ ऐसे ही परामर्श दिए।
-
सवाल : मेरे पापा की टीएलसी बढ़ी हुई है। कई अस्पतालों में भर्ती भी कराया। (अस्मिता, ज्योति विहार)
जवाब : चंद्रामृत रस की सुबह-शाम चार-चार गोली शहद में मिलाकर दें। यह दवा आयुर्वेद दुकान से मिल जाएगी। इसके साथ ही एक्सरे भी जरूर कराएं।
सवाल : गैस की समस्या रहती है। भूख भी नहीं लगती। (मामचंद, महेशपुर)
जवाब : पानी की मात्रा बढ़ाएं। रोजाना तीन से चार लीटर पानी पीएं। रात में गर्म पानी में त्रिफला मिलाकर सेवन करें आराम मिलेगा।
सवाल : आंख लाल रहती है। पलक झपकते समय पानी आता है। (मोहित कुमार, भलस्वा)
जवाब : इसमें सबसे जरूरी योग्य चिकित्सक को दिखाएं। घर पर ठंडे पानी से सफाई कर सकते हैं। गुलाब जल की दो-दो बूंद डालें, लेकिन इसमें ग्लिसरीन नहीं होनी चाहिए।
सवाल : मेरी बेटी पांच साल की है। उसे खसरे की शिकायत है। (मोहम्मद कलीम, ताजपुरा)
जवाब : बाहर नहीं निकालें। कमरे में रखें और रहने की जगह को साफ-सुथरा रखें। रोज कपड़े बदलते रहें। बाहर की चीजें न खिलाएं। हल्का खाने में ब्रेड, बिस्किट, दलिया दे सकते हैं। ज्यादा दिक्कत हो तो जिला अस्पताल में दिखाएं।
सवाल : 20 साल से एसिडिटी की समस्या है। (वेदप्रकाश, नकुड़)
जवाब : खाने के करीब आधे घंटे बाद अग्नितुंडी वटी की दो-दो गोली गर्म पानी से लें। यह दवा एक महीने तक सुबह-शाम लेनी है।
सवाल : मुझे डायबिटीज है। इसके साथ जोड़ों व अंगुली में दर्द रहता है। (अचल कुमार, राजपुरा)
जवाब : आयुर्वेद में लोहासव व अश्वगंधा को बराबर पानी में मिलाकर सुबह-शाम लें। इसका सेवन करीब एक महीने तक करना है।
सवाल : गले में खराश रहती है। भारी काम करने में सांस फूलती है। (महावीर सिंह, चौरीमंडी)
जवाब : दूध से बने प्रोडक्ट खाना बंद कर दें। चिकनाईयुक्त भोजन न करें। चिकित्सक को अवश्य दिखाएं।
सवाल : मेरी उम्र में 74 साल है। कब्ज की शिकायत रहती है। (शकुंतला वर्मा, भूतेश्वर मंदिर रोड)
जवाब : आयुर्वेद में लवण भास्कर चूर्ण को खाना खाने के आधे घंटे बाद गर्म पानी से लें। यह दिन में एक बार लेना है। दूध का सेवन रात में बंद कर दें।
सवाल : गर्मी में कोहनी पर काले दाने निकल जाते हैं। (नरेश कुमार, घंटाघर)
जवाब : सरसों के तेल की मालिश कर नहाएं। अब मौसमी फल आडू खाएं। आराम न मिले तो जिला अस्पताल में दिखाएं।
सवाल : मानसिक रोग की दवा खा रहा हूं। पेट में गैस की शिकायत है। (सतेंद्र कुमार, हसनपुर लोटनी)
जवाब : रोजाना तीन से चार लीटर पानी पीना शुरू कर दें, लेकिन संबंधित बीमारी के चिकित्सक को अवश्य दिखाएं।
सवाल : मेरी उम्र 78 साल है। शुगर है और कब्ज की शिकायत भी रहती है। (ओमपाल, फ्रेंडस कॉलोनी)
जवाब : त्रिफला और इसबगोल को मिलाकर रात में लें। तला-भुना न खाएं। फल और ड्राईफ्रूट ले सकते हैं। हर तीन घंटे में कुछ न कुछ खाना जरूरी है। मौसमी सब्जी खाएं। रोजाना तीन से चार लीटर पानी पीएं।
सवाल : पैरों के तलवे में दर्द रहता है। (पदम सिंह, रामखेड़ी)
जवाब : सोते समय नारियल तेल से मालिश करें। पानी की मात्रा बढ़ाइए। आराम जरूर मिलेगा।