मिर्जापुर। भारतीय किसान यूनियन की गांव नंदपुर जोड़ियों में आयोजित महापंचायत में किसानों एवं मजदूरों का सैलाब उमड़ पड़ा। महापंचायत में किसान नेताओं ने साफ संकेत दिया कि सरकार द्वारा किसानों की मांगों की अनदेखी करने पर सड़क से संसद तक आंदोलन किया जाएगा।
महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाकियू के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि हम अंबेडकर वादी है। उन्होंने कहा कि सरकार से विद्यालय एवं सड़कों के निर्माण को मांग ना करें। किसान खनन से मिलने वाले राजस्व में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग करें। ऐसे में जहां से खनन हो रहा है वहां अपने आप विकास हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही खारा कैनाल से निकलने वाले रजबहों की मरम्मत, बूढ़ी जमुना पर पुल निर्माण और रायपुर से नंदपुर जोड़ियों तक सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो किसान चुप नहीं बैठेंगे।
मंडल अध्यक्ष चौधरी अशोक कुमार ने शाकंभरी शुगर मिल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं होता तब तक मिल को गन्ना सप्लाई नहीं दी जाएगी। जिलाध्यक्ष नरेश स्वामी ने बरसात में नदियों द्वारा बर्बाद की गई फसलों और नदी में समा चुकी जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
तहसील अध्यक्ष सचिन्द्र राणा ने हर घर जल मिशन के अंतर्गत बंद पड़ी योजनाओं को दोबारा शुरू कराने की बात कही। ब्लॉक अध्यक्ष अनुज कश्यप ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकार ने क्षेत्र की उपेक्षा की है अगर यही हालात रहे तो क्षेत्र के लोग आने वाले चुनावों का बहिष्कार करेंगे। महापंचायत की अध्यक्षता चौधरी प्रदीप और संचालन मनोज कमाली ने किया। महापंचायत में आलिम प्रधान, कामिल प्रधान, पप्पू प्रधान कोठड़ा, विक्रम प्रधान, मुल्कराज सिंह, सोमपाल सिंह, टोनी प्रधान सहित सुमन, रामा देवी, पिंकी आदि महिलाएं भी उपस्थित रही।