सर्किट हाऊस में आयोजित बैठक में विचार रखते मंडलायुक्त लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। साफ सफाई की व्यवस्था खराब मिलने और जलभराव मिलने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी या ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। मंडलायुक्त लोकेश एम ने बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने मलिन बस्तियों में मच्छरदानी वितरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त लोकेश एम ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कार्यरत नर्सिंग स्टाफ को भी डेंगू के उपचार के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक चिकित्सालयों में दवाओं और चिकित्सकों की शत प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करें। चिकित्सालयों में सफाई की बेहतर व्यवस्था और वार्डों में प्रतिदिन फॉगिंग एवं एंटीलार्वा का स्प्रे कराया जाए। खंड विकास अधिकारी अपने क्षेत्रों का सर्वे कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करें कि किस ग्राम में खड़ंजा, सड़क या नाली टूटने के कारण जलभराव की स्थिति है। यदि किसी विवाद के कारण उनका निर्माण नहीं हुआ है तो उच्चस्तरीय अधिकारियों को अवगत कराएं नहीं तो तत्काल निर्माण कराया जाए। नगर निकायों में दो वार्डों पर कम से कम एक फॉगिंग और एंटीलार्वा स्प्रे मशीन की व्यवस्था की जाए। ग्राम पंचायतों में भी आबादी के अनुसार फॉगिंग और एंटीलार्वा स्प्रे मशीन खरीदी जाए। सभी अधिशासी अधिकारी प्रतिदिन अपने से संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले बुखार के मरीजों की रिपोर्ट प्राप्त करें। सभी अधिशासी अधिकारी और खंड विकास अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में कहीं पर भी सड़क किनारे जंगली घास, झाड़ियां न उगी हो और कहीं पर भी जलभराव की स्थिति न हो। कूडे़ का निस्तारण प्रतिदिन किया जाए।
इस दौरान नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक, परियोजना निदेशक देवेंद्र प्रताप, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ आदि मौजूद रहे।