मुजफ्फराबाद में गड्ढा खोदते वक्त धराशाई हुए मकान का मलबा
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फराबाद में शौचालय का गड्ढा खोदते समय मकान गिर गया। इसके मलबे में तीन व्यक्ति दब गए। पड़ोसियों ने तीनों को मलबे से निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती किया। वहां के चिकित्सकों ने मिस्त्री को मृतक घोषित किया और दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फराबाद में यशपाल अपने घर में शौचालय का गड्ढा बनवा रहा था। बुधवार की रात में करीब आठ बजे जब मिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे तो अचानक गड्ढे की बगल में स्थित दीवार गिरने से पूरा मकान धराशाई हो गया। इससे मलबे के नीचे वहां काम कर रहे 35 वर्षीय मिस्त्री प्रमोद कुमार, मजदूर अंकित पुत्र निन्ना और मकान मालकिन तारा पत्नी यशपाल मलबे में दब गए। मकान गिरने की जोरदार आवाज सुनकर पड़ोसी भाग कर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने तीनों को मलबा हटाकर बाहर निकाला। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां के चिकित्सकों ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित किया। जबकि दो अस्पताल में भर्ती है। प्रमोद की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के बृहस्पतिवार को शव का अंतिम संस्कार किया। फतेहपुर थाना अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस गांव में गई । मृतक के परिजनों द्वारा लिखित में कोई भी कानूनी कार्रवाई न किए जाने के लिए लिख कर देने पर पुलिस लौट गई।