सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह के दौरान होटल प्रबंधन पर अतिरिक्त रुपये मांगने, कर्मचारियों द्वारा अभद्रता करने और अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगे हैं। इस मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने होटल मालिक समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना सदर बाजार में अहमद बाग कॉलोनी निवासी मुकेश गुप्ता ने कुतुबशेर थाने में तहरीर देकर बताया कि भतीजी के विवाह के लिए छह व सात मार्च को अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको होटल बुक किया था। बुकिंग के समय होटल के तत्कालीन जनरल मैनेजर प्रमोद कुमार से कार्यक्रम की रूपरेखा तय हुई थी और 50 हजार रुपये अग्रिम जमा कर दिए थे। आरोप है कि होटल में नए प्रबंधक के आने के बाद तय शर्तों को बदल दिया गया। कार्यक्रम करने के लिए 2.50 लाख रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया गया। शादी के कार्ड बंट चुके थे। इसलिए मजबूरी में छह मार्च को शादी समारोह हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला संगीत के दौरान होटल के एक कर्मचारी ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर कर्मचारियों ने हंगामा किया और सुविधाएं देने से भी इन्कार कर दिया। सात मार्च सुबह होटल प्रबंधन ने मेहमानों को कमरे खाली करने के लिए कहा और हलवाइयों की बिजली तक बंद कर दी। बाद में कार्यक्रम जारी रखने के लिए 70 हजार रुपये नकद देने का दबाव बनाया गया। इस मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने होटल मालिक श्रवण चोपड़ा, निक्की चोपड़ा, ऑपरेशन मैनेजर चंद्रकांता, व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।