जीएसटी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते हौजरी कारोबारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। होजरी, कपड़ा आदि पर जीएसटी की दर को बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने के प्रस्ताव के विरोध में सहारनपुर होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने जीएसटी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन एडिश्नल कमिश्नर ग्रेड-1 राजेश कटियार को सौंपा।
दिल्ली रोड स्थित जीएसटी कार्यालय पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि जीएसटी काउंसिल अपने मूल सिद्धांत से हटकर रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी की दर बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कपड़ा और होजरी आम आदमी की दैनिक आवश्यक वस्तुओं में आते हैं। इन पर जीएसटी की दर बढ़ाकर 12 प्रतिशत करना अन्याय है। होजरी का धागा पांच प्रतिशत और कपड़ा एवं होजरी को 12 फीसदी के स्लैब रखने जाने से भ्रष्टाचार बढ़ेगा।
इसके अलावा अपवंचन के भी बढ़ने की आशंका रहेगी। उन्होंने प्रस्तावित बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा यदि ऐसा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। इस दौरान घनश्याम माहेश्वरी, संदीप अग्रवाल, वैभव कांबोज, मनोज कुमार जैन, आशीष मिगलानी, अजमल, अमित डिंगला, सुशील सडाना, अवनीश अरोड़ा, राजू खेड़ा आदि मौजूद रहे।