सहारनपुर। उद्यान विभाग हाइब्रिड प्रजातियों की सब्जियों की खेती को प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए किसानों को 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान दिया जाएगा। जनपद में इसके लिए 100 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों की आमदनी बढ़ाने की कवायद के तहत हाइब्रिड प्रजातियों की सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे न सिर्फ सब्जियों का उत्पादन बढे़गा बल्कि गुणवत्ता भी उत्तम होगी। इससे किसानों को मंडी में सब्जियों का बढ़िया भाव मिल सकेगा। सब्जियों की इन फसलों में गोभी, पत्ता गोभी, टमाटर, बैंगन, तोरी, लौकी और करेला शामिल है। जनपद में करीब 17670 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सब्जियों की खेती होती है। जिले से दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून, अंबाला, पटियाला आदि शहरों में सब्जियों की सप्लाई होती हैं। जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार हाइब्रिड सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान देगी। इसके लिए जनपद को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य दिया गया है। इससे गुणवत्ता युक्त सब्जियों का उत्पादन करने में मदद मिलेगी।
जिले में सब्जियों की खेती के आंकडे़
सब्जी -------------------- क्षेत्रफल
फूल गोभी एवं पत्ता गोभी----- 6000 हेक्टेयर
लौकी, तोरी, खीरा, करेला-----4200 हेक्टेयर
बैंगन--------------------3900 हेक्टेयर
टमाटर-------------------1200 हेक्टेयर
भिंडी--------------------1100 हेक्टेयर
मटर---------------------1050 हेक्टेयर
मिर्च--------------------220 हेक्टेयर
(नोट: उद्यान विभाग के आंकड़ों के अनुसार)