सहारनपुर में नए साल के स्वागत में बाइकों को लेकर सड़कों पर निकले युवाओं ने जमकर हुड़दंग किया। आतिशबाजी के साथ ही शराब की बोतलें हाथ में लेकर नए साल का स्वागत किया। घंटाघर चौक पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को पुलिस ने दौड़ा लिया।
कई लोग बाइक छोड़कर भागते नजर आए। इतना ही नहीं, रात में शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए लोगों के चालान भी काटे गए। रात दो बजे के बाद ही जश्न का शोर शांत हुआ।
नए साल को लेकर जश्न का युवाओं में सबसे अधिक क्रेज रहा। पुराने वर्षों के युवाओं के हुड़दंग से पुलिस अच्छी तरह वाकिफ थी। इसीलिए घंटाघर समेत तमाम मुख्य चौराहों और कोर्ट रोड पर पुलिस पहले से अलर्ट कर दी गई थी।
ठंड के बावजूद रात 12 बजे तक शहर में चहलपहल रही। 12 बजे ही युवाओं की टोलियां बाइक लेकर सड़कों पर निकल पड़ी। कोर्ट रोड पर युवा आतिशबाजी करते हुए घूमे। घंटाघर चौक पर बड़ी संख्या में युवा बाइक लेकर पहुंचे।
हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हुड़दंग करने वालों को दौड़ा दिया। इनमें से कई युवा शराब के नशे में बाइक छोड़कर भागने लगे। इनमें से कुछ को पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।
साथ ही पुलिस ने रात में वाहन चालकों के शराब पीए होने की मशीन से जांच भी की। शराब पीकर वाहन चलाते मिले लोगों के चालान काटे गए। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दौड़ती नजर आई। रात करीब दो बजे जाकर बाजार में शांति हुई।
नव वर्ष के आगमन से करीब एक सप्ताह पहले ही शहर के तमाम होटल और क्लब नए साल की पार्टी के लिए बुक हो चुके थे। होटलों में देर रात तक नए साल की पार्टी चली, जिसमें जाम भी खूब छलके। बार और रेस्टोरेंट में शराब पीकर युवकों ने हंगामा भी किया।