बेहट कोतवाली में हनुमान चालीसा का पाठ करते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता। श्रोत कार्यकर्ता
बेहट। गाय पर विवादित टिप्पणी करने के आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने कोतवाली में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। सीओ प्रिया यादव के दो दिन में जांच पूरी कर कार्रवाई के आश्वासन पर ही प्रदर्शनकारी लौटे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
छह दिन पूर्व 25 अप्रैल की रात में गोकशों ने रतनपुर कल्याणपुर गांव से राहुल कश्यप की गाय चोरी कर उसे पास के गांव टोली के जंगल में ले जाकर काट दिया था। मौके पर पहुंचे विहिप के विभाग सह मंत्री मनीष योगाचार्य व बजरंग दल के प्रांत ब्लोपासना प्रमुख हरीश कौशिक ने गोकशी की बढ़ती घटनाओं पर रोष जताया था। आरोप है कि कोतवाली में तैनात दरोगा ने कहा कि रामराज थोड़ा ही है, गाय कट गई तो कट गई कार्रवाई होगी। दरोगा की इस टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था और उनकी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई थी।
अधिकारियों से शिकायत के बाद भी आरोपी दरोगा के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता शाकंभरी तिराहे से पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद सभी कार्यकर्ता परिसर में बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसकी सूचना मिलने सीओ प्रिया यादव कोतवाली पहुंची। मनीष योगाचार्य, हरीश कौशिक, बजरंग दल के जिला संयोजक अनुज सैनी व विहिप के जिला मंत्री योगेश चौहान आदि ने कहा, कि बेहट क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं को बेहट पुलिस रोकने में पूरी तरह नाकाम हो रही है और ऊपर से गाय को लेकर विवादित टिप्पणी कर रही है। सीओ ने कहा, कि उन्हें इन प्रकरणों की जानकारी नहीं है। दो दिन में जांच पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।