मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने कहा है कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले पानी को नदियों में जाने से रोका जाए। कृष्णा और हिंडन नदी के किनारे के 20 गांवों में हैंडपंपों के पानी की जांच कराई जाए और लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आसपास की भूमि का मृदा परीक्षण कराया जाए।
मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक में हिंडन एवं कृष्णा नदी के प्रदूषण के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जल निगम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को हिंडन एवं कृष्णा नदी के किनारे के 20 गांव का जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि उद्योगों के गंदे पानी को नदियों में न डालने के आदेश के पालन की जांच कराई जाए।
किसी भी उद्योग को प्रदूषित जल नदियों में न डालने दिया जाए। मंडलायुक्त ने ग्रामीण पेयजल मिशन की अधूरी परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो परियोजनाएं लगभग पूरी हैं, उनसे गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की आपूर्ति करें। बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार, दिनेश कुमार सिंह, सुजीत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दीपक मीणा, वीके सिंह, अमित अग्रवाल मौजूद रहे।
तालाब कब्जाने पर हो रिपोर्ट दर्ज
आयुक्त ने कहा कि तालाबों पर अवैध कब्जों की शिकायतें प्राप्त होती हैं। उनकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। भूजल स्तर गिरने के कारण तालाबों का जीर्णोद्धार मनरेगा के अंर्तगत कराएं। गांव से निकलने वाला पानी तालाबों में पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने सहारनपुर मंडल और जनपद के प्रदेश में प्रथम आने पर बधाई दी।
विद्युतीकरण लटकने पर जताई नाराजगी
एमपी अग्रवाल ने लोहिया ग्रामों में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। जिन ब्लॉकों में अभी तक टेंडर नहीं हुए हैं, उन्हें तुरंत कराने, बीपीएल के पात्र लाभार्थियों को 1 केवी का कनेक्शन मीटर लगाकर घरों में बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण हो।
स्वास्थ्य अफसर कर रहे खुलेआम लापरवाही
मंडलायुक्त ने कहा कि एमओ, एसीएम, सीएमओ, आशा, एएनएम स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में भाग नही ले रहे हैं। कार्य योजनाओं की समीक्षा गंभीरता से नहीं हो रही है। हरियाणा की स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां के नर्सिंग होम पर भ्रूण परीक्षण के केस पकड़कर लोगों पर कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन यहां का स्वास्थ्य विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।