सहारनपुर। अभी तक भी बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने के बावजूद जनपद के किसानों का गन्ने की खेती के प्रति मोह बरकरार है। गन्ने के रकबे में करीब आठ फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। इससे मिलों के सामने समय पर गन्ना पेराई की चुनौती रहना तय है। जिले में गागलहेडी चीनी मिल क्षेत्र में इस बार गन्ने की खेती के क्षेत्रफल में सर्वाधिक वृद्धि हुई है। क्षेत्र में 17 फीसदी गन्ना रकबा बढ़ा है।
जनपद में गन्ना क्षेत्रफल बढ़कर 115900.382 हेक्टेयर हो गया है। जिले की छह चीनी मिलों के साथ ही शामली जनपद की भी दो चीनी मिलों को यहां से कुछ गन्ना सप्लाई होता है। इस बार शामली की ऊन शुगर मिल का सहारनपुर जनपद में 449.963 हेक्टेयर और थानाभवन मिल का 890 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्रफल है। जनपद में चीनी मिल गागलहेड़ी के क्षेत्र में गन्ने का क्षेत्रफल में सर्वाधिक 17 फीसदी की वृद्धि हुई है। जबकि जनपद के गन्ना क्षेत्रफल में आठ प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है। इससे न सिर्फ शुगर मिलों को भरपूर मात्रा में गन्ना आपूर्ति होगी, बल्कि गन्ना क्षेत्रफल अधिक होने से समय पर गन्ना पेराई करना भी मिलों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहेगा।
जनपद में गन्ने का क्षेत्रफल बढ़कर 115900.348 हेक्टेयर हो गया है। इससे जिले की चीनी मिलों को भरपूर मात्रा में गन्ना आपूर्ति होगी। साथ ही समय से गन्ना पेराई कराना भी चुनौती रहेगा। मिलों को पूरी क्षमता के साथ चलवाया जाएगा। - कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी।
जिले की चीनी मिलों का गन्ना रकबा हेक्टेयर में
मिल ------- गत सीजन ----- मौजूदा सीजन
सरसावा ---- 13213.070 ------ 14807.730
नानौता ------ 17936.659 ------ 20062.530
देवबंद ------- 26269.547 ------- 27639.197
गागलहेडी --- 9695.024 --------- 11367.516
गांगनौली ---- 21207.904 ------- 22321.785
शेरमऊ ------- 17649.702 ------- 18361.175
नोट: गन्ना विभाग के आंकड़ों के अनुसार।