सहारनपुर। जनपद में हाईकोर्ट की बेंच और मिनी सचिवालय बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम पुन: मान्यवर कांशीराम के नाम पर रखने और दिल्ली एम्स और चंडीगढ़ पीजीआई जैसे सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री के नाम दिए 11 सूत्री ज्ञापन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री छह महीने से चल रहे किसान आंदोलन में मध्यस्थता कर कोई समाधान कराएं। उन्होंने किसान मजदूरों और छोटे व्यापारियों का बिजली का बिल माफ करने एवं उन्हें मुफ्त बिजली दिए जाने और बेरोजगार स्नातकों को रोजगार मिलने तक पांच हजार रुपये मासिक भत्ता दिलाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दारुल उलूम देवबंद, सिद्धपीठ शाकंभरी देवी, सिद्धपीठ बाला सुंदरी देवबंद, सिद्धपीठ गुरु बाबा फकीरादास मंदिर मिरगपुर आदि को पर्यटन स्थल घोषित किया जाए। उन्होंने ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करानेे किसानों को डीजल, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्रों पर सब्सिडी देने और उत्तर प्रदेश में शराब पर पूर्ण पाबंदी लगाने सहित अन्य मांग की। इस दौरान महंत सहसपाल, राजपाल सिंह, संदीप गुर्जर, संजय सिंह, अंकुर चौधरी तरुण चौधरी, विक्रम सिंह, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।