योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में करें मदद : शाही
सहारनपुर। गंगोह विधानसभा क्षेत्र के वर्चुअल कार्यकर्ता सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि सरकार द्वारा लागू योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में कार्यकर्ता मदद करें।
रविवार को वर्चुअल सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न योजनाएं आम आदमी के लिए लागू की हैं, जैसे मुद्रा लोन, पशु पालन, मधुमक्खी पालन, एवं कृषि यंत्रों छूट आदि। इन सभी का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचना चाहिए। कार्यकर्ता क्षेत्र में जाकर गरीब, मजदूर एवं लाचार वर्ग के लोगों की सहायता करें।
पार्टी कार्यक्रम के तहत सभी कार्यकर्ताओं को अपने बूथ पर एक पौधा जरूर लगाना है। साथ ही कार्यकर्ताओं को एहतियात बरतते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना है। संदेश दिया कि मास्क लगाएं और सैनिटाइजर से हाथ अवश्य साफ करते रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र सैनी, कैराना के सांसद प्रदीप चौधरी, चेयरमैन कॉपरेटिव बैंक चौधरी राजपाल सिंह, गंगोह विधायक चौधरी किरत सिंह शामिल रहे। सम्मेलन के संयोजक जिला उपाध्यक्ष चौधरी सतपाल सिंह रहे, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने किया।