शाकंभरी/सहारनपुर। घाड़ क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। क्षेत्र में करीब 94 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के चलते सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी की नदी में पानी का बहाव आया। हालांकि शिवालिक पहाड़ियों में बारिश कम होने के कारण नदी का जलस्तर ज्यादा नहीं बढ़ा। वहीं, तेज बारिश के कारण नौगांवा ग्राम समूह की बिजली आपूर्ति भी करीब एक घंटे तक बाधित रही।
बृहस्पतिवार शाम से ही सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी क्षेत्र समेत नौगांवा, मिर्जापुर और बादशाही बाग क्षेत्र में मौसम खराब हो गया था। रात में झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश के कारण सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। गांव नौगांवा में बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति भी एक घंटा ठप रही और बारिश बंद होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाई। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में भी बारिश हुई, लेकिन शिवालिक पहाड़ियों में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण नदी में पानी का बहाव सामान्य से कम रहा। बारिश को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क रहा। शाम के समय सिद्धपीठ में मौजूद श्रद्धालुओं को मां भगवती के दर्शन कराने के बाद मौसम खराब होने पर अहतियात के तौर पर भूरादेव तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
उधर, शुक्रवार की सुबह मौसम पूरी तरह साफ था, लेकिन दस बजे के बाद बादल आना शुरू हुए। पूर्वाह्न 11 बजे तक आसमान बादलों से घिर गया और बूंदाबांदी शुरू हो गई। लगा कि बारिश लंबी चलेगी, लेकिन 20 मिनट के बाद बारिश बंद हो गई और बाद छंटते चले गए। इसके बाद दिनभर धूप रही। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट हुई और वह 27 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वेधशाला मिर्जापुर के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि 94 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार को बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है।