सहारनपुर। झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और गर्मी से राहत मिली। वहीं, महानगर में कई जगहों पर जलभराव होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद पांवधोई नदी का जल स्तर भी बढ़ गया।
बुधवार की रात पौने ग्यारह बजे से एक बजे तक झमाझम बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बारिश की वजह खाताखेड़ी, नखासा बाजार, चिलकाना रोड, पुराना कलसिया रोड, रामनगर पठानपुरा, शारदानगर, नदीम कॉलोनी, बाबा लाल दास रोड, वसंत विहार, नुमाइशकैंप, हकीकतनगर, पंजाबी बाग, साकेत कॉलोनी की गलियों में जलभराव होने की वजह से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। इसके साथ ही कोर्ट रोड पर घंटाघर से लेकर कोर्ट पुल तक कीचड़ फैल गया। यहां सीवर लाइन डालने को लेकर सड़क खोदकर छोड़ दी गई, जिस वजह से बारिश में कीचड़ फैल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह हल्की बारिश हुई और पूरे दिन आसमान पर बादल छाए रहे, जिससे गर्मी से राहत मिली है।
निगम के दावे निकले खोखले
महानगर में नालों की सफाई कराने का दावा पिछले दिनों नगर निगम द्वारा किया गया था, लेकिन बारिश में निगम के दावे हवा-हवाई साबित हुए। क्योंकि, नालों की सफाई न होने की वजह से कई जगहों पर जलभराव हुआ और नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा।
सहारनपुर में हुई बरसात के चलते देहरादून रोड़ पर सड़क पर भरा पानी- फोटो : SAHARANPUR