साइकिल चलाने से बनेगी सेहत, रहेगा प्रदूषण नियंत्रण : नगरायुक्त
सहारनपुर। साइकिल मोटिवेशन ऑफ इंडिया की ओर से रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित करना था। रैली में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों ने भी प्रतिभाग किया। इनमें महिलाएं भी शामिल रहीं।
रैली का उद्घाटन मुख्य अतिथि रहे नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि रहे अंतरराष्ट्रीय साइकिल रेसिंग खिलाड़ी बाबूराम सैनी ने संयुक्त रूप से किया।
रैली में शामिल रहे पांच बच्चों को सबसे आगे कर नगरायुक्त ने रैली की शुरुआत कराई। प्रतिभागियों की साइकिलों पर साइकिल चलाओ-प्रदूषण घटाओ और स्वास्थ्य बनाओ जैसे संदेश लिखी तख्तियां लगी हुई थीं। रैली दिल्ली रोड स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी से शुरू होकर दीवानी कचहरी, चौधरीचरण सिंह चौक, देहरादून चौक, घंटाघर और अंबाला रोड होते हुए डॉ. आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि साइकिल चलाना जहां स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। वहीं इससे धन की भी बचत होती है। सबसे खास बात यह है कि साइकिल किसी तरह का प्रदूषण नहीं फैलाती। ऐसे में वह पर्यावरण के लिए लाभकारी है। उन्होंने लोगों से साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। रैली में शामिल रहे रेखा सैनी, शबाना खान, अरविंद मलिक, अरशद खान, मनोज कुमार, आस मोहम्मद, अनुभव, नसीम, राजसिंह सैनी, पंकज कुमार, अश्वनी कौशिक आदि को प्रमाण पत्र दिए गए। इस मौके पर नगर निगम के लेखाधिकारी राजीव कुशवाह, सहायकनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, आईटी अधिकारी मोहित तलवार, राजीव सैनी, संजय मलिक, पवन राणा आदि मौजूद रहे।