चिलकाना। गांव गोवर्धनपुर ढुलानी में एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर छापे की कार्रवाई के दौरान हिमाचल पुलिस को 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए हैं। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रविवार को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब पुलिस टीम ने चिलकाना क्षेत्र के गांव गोवर्धनपुर ढुलानी निवासी गुफरान अली उर्फ बिल्ला के घर पर छापा मारा। टीम ने स्थानीय पुलिस व गांव के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की। टीम ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी करते हुए बेहट निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था। युवक ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया था कि वह गुफरान अली उर्फ बिल्ला से प्रतिबंधित दवाइयां खरीदता है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। यहां से पुलिस ने एक बोरा प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किया, जिसमें 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए।