सहारनपुर। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। हरियाणा और उत्तराखंड से आने-जाने वालों की निगरानी बढ़ाई है, ताकि जिले में संक्रमण न फैल सके। वहीं, सरकारी अस्पतालों में मिलते-जुलते लक्षण वाले मरीज पहुंच रहे हैं।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन औसतन 2500 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और सांस संबंधी परेशानी के शामिल हैं। चिकित्सक की ओर से संदिग्ध मरीजों की जांच और लक्षणों के आधार पर उपचार एवं परामर्श दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को स्वाइन फ्लू से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों में वार्ड आरक्षित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने बताया कि लोगों को स्वाइन फ्लू से घबराने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है।
वर्जन
स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। बाहर से आने-जाने वालों की निगरानी रखी जा रही है। प्राइवेट अस्पतालों से भी कहा गया कि कोई भी मामला सामने आए तो उसकी सूचना तुरंत दें।
शिवांका गौड़, जिला मलेरिया अधिकारी