सहारनपुर। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग को 23 नए चिकित्सक मिल गए हैं। इन चिकित्सकों की सोमवार को सरकारी अस्पतालों में तैनात कर दिया जाएगा। विभाग ने सभी तैयारी पूरी कर ली है।
दरअसल, 16 जनवरी को कलक्ट्रेट में साक्षात्कार हुए थे। इसमें अभ्यर्थियों के शिक्षा और अनुभव के दस्तावेजों को चेक किया गया था। साक्षात्कार के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चयन प्रक्रिया शुरू कर दी थी। अब जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष मनीष बंसल के अनुमोदन के बाद 23 चिकित्सकों का चयन कर लिया है। इन चिकित्सकों की एसबीडी जिला अस्पताल, महिला अस्पताल में आकस्मिक सेवाओं के लिए तैनाती होगी।
इनके अलावा शहर में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और एनसीडी क्लीनिक में भी तैनाती की जाएगी। जिन चिकित्सकों का चयन हुआ है, उन्हें शनिवार यानी आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बुलाया गया है। इसके बाद सोमवार को सभी की चयनित अस्पतालों में तैनाती कर दी जाएगी। सरकारी अस्पतालों को नए चिकित्सक मिलने से मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
23 नए चिकित्सक मिल गए हैं। चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी और मरीजों को भी राहत मिलेगी। सभी चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र आवंटित होंगे। सभी तैयारी कर ली है।
डॉ. प्रवीण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी