गंगोह पुलिस द्वारा पकड़े गए हत्यारोपी पिता-पुत्र। स्रोत-पुलिस
सगे भाई की हत्या का आरोपी भाई व भतीजा गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगोह। गांव बिश्नोट में सगे छोटे भाई मीनू की हत्या करने के आरोपी सुभाष और उसके बेटे दीपांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सुभाष ने बताया कि घटना वाले दिन मीनू मां से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहा था। इस पर वह और उसका बेटा आपा खो बैठे तथा उन्होंने लोहे के पाइप से उस पर हमला कर दिया। उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह मर जाएगा।
बता दें कि 19 मार्च को पारिवारिक विवाद में गांव बिश्नोट निवासी मीनू की उसके बड़े भाई सुभाष और भतीजे दीपांशु ने लोहे की रॉड से हमलाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के दूसरे भाई सतीश ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नकुड़ रोड स्थित गांव बाढ़ी माजरा के आगे निर्माणाधीन हाईवे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी सुभाष की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में सुभाष ने बताया कि उसका भाई मीनू नशे का आदी था। वह अक्सर नशे में बच्चों के साथ मारपीट करता था। समझाने पर बूढ़े माता-पिता और उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट करता रहता था। घटना वाले दिन भी वह अपने बच्चों को पीट रहा था। जब उन्होंने और मां ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने मां के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इससे उन्हें गुस्सा आ गया था। उसे अंदाजा नहीं हुआ कि चोट इतनी गंभीर है कि उसकी मौत हो जाएगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।