- आठ फरवरी को बिहारीगढ़ के शिवालिक फार्म हाउस में गोलीबारी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिहारीगढ़। नागल के गांव साधारणसिर निवासी शिवम हत्याकांड में पुलिस दो राज्यों समेत तीन जिलों की खाक छानी, लेकिन अभी तक दो हत्यारोपी अभी तक पुलिस पकड़ से दूर हैं। केवल दो हत्यारोपियों की ही गिरफ्तारी हुई है। एक ने आत्मसमर्पण किया।
आठ फरवरी को शिवालिक फार्म हाउस में पंकज शर्मा और सुनील वर्मा के बीच रुपयों के बंटवारे और करीब दो बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों में बातचीत हो रही थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर गोलीबारी हो गई थी। इसमें गोली लगने से नागल के गांव साधारणसिर निवासी शिवम राणा की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। वारदात के 14 दिन बाद पुलिस ने आरोपी अजय राणा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद चार मार्च को उत्तराखंड में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति को भी पकड़ लिया था। तीसरे आरोपी विकास उर्फ विक्की राणा ने देवबंद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।
अभी नामजद सुनील वर्मा व विक्रांत ठाकुर निवासी देहरादून की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए देहरादून, नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और देवबंद समेत कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम दबिश दे रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।