सहारनपुर में डीएम और एसएसपी से शिकायत करने के बाद भी गांव बुड्ढाखेड़ा में शराब का अवैध कारोबार बंद नहीं हुआ है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है।
शुक्रवार को गांव की महिलाएं एक बार फिर डीएम से शिकायत करने कलक्ट्रेट पहुंची। डीएम की गैर मौजूदगी में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर शराब की कसीदगी पर रोक लगाने की मांग दोहराई।
दलित चेतना विकास समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता शिवा के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंची महिलाओं ने बताया कि उनके गांव में लंबे समय से कच्ची शराब निकाली जा रही है।
गांव में शराब बिकने की वजह से नशेड़ी दिनभर गलियों में मंडराते हैं। इसकी वजह से बहू और बेटियों का घरों से निकलना दुर्भर हो रहा है। कई बार महिलाओं के साथ छेड़छाड़ भी हो चुकी है।
शराब निकाले जाने की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, उन्होंने डीएम और एसएसपी से मिलकर उनसे भी शराब पर रोक लगाने की गुहार लगाई, मगर उनकी बात को अनसुना कर दिया गया।
ऐसे में उन्हें फिर से शिकायत करने के लिए यहां आना पड़ा है। डीएम की गैर मौजूदगी में उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की। शिकायत कर्ताओं में समय सिंह, महीपाल, ममता, बबीता, मुकेश, सुरेशो, अनिता, कमलेश, सुनील, बुल्लाशाह, सूर्यकांत आदि शामिल रहे।