हरियाणा विद्युत निगम में हुए घोटाले में हरियाणा पुलिस ने शनिवार को सहारनपुर के मोहल्ला नुमाइश कैंप और गोपालनगर में दबिश दी। इस मामले में एक आरोपी नुमाइश कैंप का निवासी है। उसने घोटाले का कुछ पैसा गोपालनगर के लोगों के खाते में जमा कराया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा विद्युत निगम में पिछले दिनों 250 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। निगम की ओर से मामला दर्ज कराने पर जांच में खुलासा हुआ कि एक कर्मचारी सहारनपुर शहर की नगर कोतवाली अंतर्गत नुमाइश कैंप का निवासी है। उसने गोपालनगर निवासी 20 लोगों के खाते में ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर किया है। इस मामले में हरियाणा के जनपद यमुनानगर से पुलिस टीमों ने नुमाइश कैंप और गोपालनगर में दबिश दी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन कार्रवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस का सहयोग नहीं लिया और न ही कोतवाली नगर में आमद दर्ज कराई है।
वहीं, हरियाणा पुलिस द्वारा लगातार दबिश देने से नुमाइश कैंप और गोपालनगर के लोगों में खलबची है। सूत्रों के मुताबिक, कई आरोपी फरार हो गए हैं। जिनके खाते में पैसा जमा हुआ था। तीन से चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़ें: आत्महत्या या हत्या: शिवम के पिता बोले- जमीन पर तड़पता रहा बेटा, फोटो खींचते रहे लोग, कहा- मर चुकी है लोगों की संवेदना
वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा कार्रवाई करने की सूचना मिली है। स्थानीय पुलिस की जांच में पता लगा है कि हरियाणा के विद्युत निगम में 250 करोड़ रुपये के घोटाले के कुछ रुपये नुमाइश कैंप व गोपालनगर के 20 लोगों के खाते में जमा कराए गए हैं। हरियाणा पुलिस स्थानीय पुलिस का सहयोग मांगेगी तो संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। अभी हरियाणा पुलिस अपने स्तर से ही कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: भयावह था हादसा: बस चालक के खिलाफ मुकदमा, चीख-पुकार सुन दौड़ पड़े थे लोग, भाई-बहन की मौत से गांव में मातम