गंगोह (सहारनपुर)। सीमा विवाद में हरियाणा के आधा दर्जन किसानों ने यूपी के किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि जमीन कब्जाने का विरोध कर रहे यूपी के किसान पर हमलावरों ने फायर करते हुए ट्रैक्टरों से टक्कर मारकर कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में किसान को गंभीर चोट लगी, जिसे अस्पताल भेज दिया गया है। पीड़ित किसान के भाई ने गंगोह कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
यूपी के गांव उमरपुर निवासी किसान सुशील कुमार ने मंगलवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई सुधीर सोमवार की शाम अपनी कार (स्कार्पियो) से शेरगढ़ टापू स्थित खेत पर गया था। उसने बताया कि यह जमीन दीक्षित अवार्ड लागू होने के बाद यूपी के रकबे में आ गई थी। आरोप है कि उसके खेत में हरियाणा के कुंजपुरा थाने के गांव शेरगढ़ टापू निवासी छह किसान ट्रैक्टर से जुताई कर अवैध कब्जा कर रहे थे। जब उसके भाई ने विरोध किया तो उस पर तमंचे से फायर कर दिया गया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। आरोप है कि उन लोगों ने तैश में आकर ट्रैक्टर से स्कार्पियो में टक्कर मार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। उसका भाई जान बचाने के लिए गाड़ी लेकर भागने लगा तो उन लोगों ने उसे चारों तरफ से घेर कर उस पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया।
इसी बीच गांव के अनेक लोग वहां पहुंचे और किसान को आरोपियों के चंगुल से बचाया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर गए। किसान सुधीर को सीएचसी में प्राथमिक चिकित्सा के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है। सीओ गंगोह रिजवान अहमद का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।