सहारनपुर। कोरोना का प्रकोप कम होने के बाद सरकार माध्यमिक विद्यालयों का खोलने की तैयारी में है। फिलहाल कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं संचालित करने की बात कही जा रही है। मगर विद्यालय खोलने के लिए पहले अभिभावकों की सहमति ली जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से माध्यमिक शिक्षा से जुड़े सभी मंडलीय और जिला स्तरीय शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि कक्षा नौ से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए विद्यालय खोलने के लिए शासन के विचारार्थ प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाना है। ऐसे में समस्त माध्यमिक विद्यालयों के माध्यम से कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों से लिखित सहमति ली जाए और उसकी सूचना परिषद की ई-मेल आइडी upboardexamination@gmail.com पर 23 जून की शाम चार बजे तक उपलब्ध कराई जाए। सूचना भेजने के लिए प्रपत्र तैयार किया गया है, जिसमें मंडल का नाम, जिले का नाम, विद्यालयों की संख्या, पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या और विद्यालय खोले जाने के लिए कितने अभिभावकों से सहमति जताई है, उनकी संख्या आदि कॉलम दिए गए हैं। उक्त कॉलम को पूरा भरने के बाद ही सूचना ई-मेल आईडी पर भेजी जाएगी।
परिषद से आए पत्र के बाद हम विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों की सहमति ले रहे हैं। पहले दिन दस से 15 फीसदी अभिभावकों की सहमति मिल चुकी है। अभी हमारे पास बुधवार का दिन भी है। उम्मीद है कि बुधवार को सहमति जताने वालों का प्रतिशत बढ़ जाएगा।
- महावीर सिंह, कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक/प्रधानाचार्य, जीआईसी।