सहारनपुर। कोविड संक्रमण के कारण ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में 19 से 23 मई तक लगने हस्तशिल्प मेले को रद्द कर दिया गया है। इस मेले में सहारनपुर जनपद के 25 से अधिक निर्यातकों को अपने स्टाल लगाने थे। अब इस मेले का आयोजन वर्चुअल किया जाएगा।
ईपीएसएच (हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद) के अध्यक्ष रवि के पासी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 19 से 23 मई तक ग्रेटर नोएडा में लगने वाले मेले को रद्द करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि अब मेले का आयोजन वर्चुअल होगा, जिसमें करीब 1200 प्रदर्शकों और पांच हजार विदेशी खरीददारों के भाग लेने का लक्ष्य रखा गया है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चैप्टर चेयरमैन एवं निर्यातक रविंद्र मिगलानी का कहना है कि मेले में निर्यातक स्टाल लगाकर अपनी हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन करते हैं। विदेशी ग्राहक भी हस्तशिल्प को अच्छी तरह देख परखकर ही आर्डर देते हैं। वर्चुअल मेले में यह संभव नहीं हो पाता। जिले से 25 से अधिक निर्यातकों को इस मेले में शामिल होना था। महामारी को देखते हुए अब वर्चुअल मेले में भागेदारी की जाएगी।