अंबेहटा। रोडवेज बस की टक्कर से टेंपो सवार गुड़ व्यापारी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान गुड़ व्यापारी की मौत हो गई, जबकि चालक का उपचार चल रहा है। गुड़ व्यापारी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव सिरसला निवासी इमरान पुत्र इरशाद ने गांव खेड़ा अफगान के निकट चर्खी लगाई हुई है। सोमवार को इमरान गुड़ बेचने के लिए गांव से अंबेहटी पीर की साप्ताहिक पैंठ में आ रहा था, जैसे ही टेंपो गांव चापरचीड़ी के निकट पहुंचा तो पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक अकरम व गुड़ व्यापारी इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया। चौकी प्रभारी जय सिंह भाटी ने बताया कि गुड़ व्यापारी इमरान पुत्र इरशाद की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं रोडवेज के चालक व परिचालन बस छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।