सहारनपुर में बेहट के मेघन मजरा गांव में बुधवार की रात तेंदुआ आबादी से बाहर स्थित एक डेयरी से चार बकरियों को उठा ले गया। उनके अवशेष गन्ने के खेत में मिले। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
शाकंभरी देवी वन रेंज क्षेत्र के गांव मेघन मजरा निवासी चंदवीर की गांव की आबादी से बाहर डेयरी है। उसने डेयरी में दुधारू मवेशियों के साथ तीन चार बकरियां भी पाल रखी थी। रात करीब 10 बजे जब चंदवीर डेयरी में पहुंचा, तो एक बकरी मृत हालत पर खूंटे पर पड़ी थी। वहीं तेंदुए को डेयरी की दीवार पर बैठा देख चंदवीर शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौड़ पड़ा।
इसके बाद ग्रामीणों के साथ वापस लौटा तो डेयरी से तीन अन्य बकरियां भी गायब थी। तलाश करने पर उनके अवशेष पास ही एक गन्ने के खेत में पड़े मिले। घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में है और खेतों की तरफ जाने से भी डर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी के दर्जनों गांवों का दर्द: हर साल का यही हाल, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे लोग, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
ग्रामीणों ने इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। रेंज क्षेत्राधिकारी आरएन किमौटी ने बताया कि मौके पर टीम भेजी जाएगी।