छुटमलपुर में पूर्व सीएम हरीश रावत का स्वागत करते कांग्रेसी। श्रोत कार्यकर्ता
छुटमलपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि देहरादून में आई आपदा में सहारनपुर के लाेगों ने भी अपने बेटों को खोया है। राज्य सरकार को चाहिए कि वह पुनर्वास कार्य में तेजी लाने के साथ ही मृतकों और लापता हुए लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद देने का काम करे।
कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य हरीश रावत रविवार को पार्टी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा मलिक के निवास पर समर्थकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा ने सैकड़ों परिवारों को दंश दिया है। केंद्र और राज्य सरकार मिल कर राहत और पुनर्वास पैकेज घोषित करे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट मसूरी, हरिद्वार के अंदर बैरागी कैंप और ऋषिकुल मैदान की जमीन को खुर्द बुर्द किया जा रहा है। आईडीपीएल ऋषिकेश की जमीन को बेचने की साजिश रची जा रही है। बीएचईएल में भी अतिरिक्त जमीन का मापन किया जा रहा है, ताकि उनको भी कुछ पूंजीपतियों को बेचा जा सके।
हरीश रावत ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सीबीआई का दुरुपयोग शुरू कर देती है। उनके पास भी सीबीआई ने नोटिस भेजा है। यह भाजपा की बौखलहाट का परिणाम है। इससे पहले यहां पहुंचने पर अब्दुल हसीब मलिक, प्रधान फ़रमान मलिक, प्रधान नासिर अली, मनोज चौधरी, राव यूसुफ़, राव आरिफ़, आजम मलिक, कुद्दूस मलिक आदि ने माल्यार्पण कर पूर्व सीएम का स्वागत किया।