सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
निजी स्कूलों की फीस में हो 25 फीसदी की कटौती कराने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुुमार सोनी को सौंपा। इसमें उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना करने, पेट्रोलियम पदार्थों के बढे़ रेट कम करने और निजी स्कूलों की फीस में 25 प्रतिशत कटौती कराने आदि मांगें उठाई हैं।
मंगलवार को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के काफी दूर होने के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता पिछले 40 वर्षों से हाईकोर्ट की एक बैंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड 19 के चलते निजी स्कूलों की फीस में 25 प्रतिशत की कटौती कराई जाए। उन्होंने बढ़ते पेट्रोल, डीजल, और रसोई गैस के दामों पर रोष जताते हुए कहा कि इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पेट्रोलियम पदार्थों के रेट कम करने की मांग की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजेश गुलाटी, राजू सुखीजा, वीरेंद्र बहल, राजेंद्र चावला, अमित चौधरी, सुशील कुमार, सचिन तनेजा, प्रताप सिंह, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।