बड़गांव (सहारनपुर)। ग्रामीणों की शिकायत के बाद एसडीएम रामपुर मनिहारन के निर्देश पर मंगलवार को लेखपाल व कानूनगो ने जड़ौदा पांडा गांव के सरकारी राशन डीलर की जांच की तो सरकारी राशन गोदाम की बजाय पंचायत घर में रखा मिला। इसके बाद गड़बड़ी की आशंका के चलते राशन को ग्राम प्रधान के सुपुर्द किया गया है।
गांव जड़ौदा पांडा निवासी संदीप पुत्र ओमदत्त त्यागी ने एसडीएम रामपुर मनिहारन को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनके गांव का राशन डीलर गरीबों को मिलने वाले सरकारी राशन में हेराफेरी कर उसकी काला बाजारी कर रहा है। ग्रामीण की शिकायत के बाद एसडीएम ने मामले की जांच के लिए लेखपाल विनोद कुमार तथा कानूनगो सचिन चौधरी को मंगलवार को मौके पर भेजा। जांच में ग्रामीणों को बांटने के लिए आया राशन गोदाम की बजाए पंचायत घर में रखा मिला। उनके समक्ष ग्रामीण संदीप, देवेंद्र, अरविंद आदि का आरोप है डीलर हेराफेरी करके पिछले काफी दिनों से सरकारी राशन की कालाबाजारी कर रहा है।
कानूनगो सचिन चौधरी ने बताया कि गरीबों में बंटने वाला राशन गोदाम की बजाय गांव के ही पंचायत भवन में मिलना संदेह पूर्ण है। इसलिए पंचायत घर में मिला राशन ग्राम प्रधान शालू त्यागी की सुपुर्द कर जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। उधर राशन डीलर सतीश कुमार का कहना है कि गोदाम में जगह कम होने के कारण बचे हुए सरकारी राशन को पंचायत घर में रखवाया गया था। एसडीएम रामपुर मनिहारन एस एन शर्मा का कहना कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।