सहारनपुर में रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की रात शामली की ओर जा रही मालगाड़ी अचानक डिरेल्ड हो गई। प्लेटफार्म नंबर सात पर ट्रेन के पटरी से उतरने पर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इसके बाद तकनीकी टीम ने ट्रेन को पटरी पर किया। सूचना पर एडीआरएम ने भी सहारनपुर स्टेशन का दौरा किया। उधर, अप और डाउन की ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से गुजारा गया।
दरअसल, शामली की ओर जा रही मालगाड़ी रात 11.40 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात से गुजर रही थी। अचानक उसका एक डिब्बा पटरी से उतर गया और पूरी ट्रेन अनियंत्रित हो गई।
हालांकि रात में ही तकनीकी टीम ने पहले डीरेल्ड हुए डिब्बे को अलग किया। इसके बाद ट्रेन को पटरी पर किया गया। उधर, मालगाड़ियों को दूसरे ट्रैक से रवाना किया गया।
सूचना पर एडीआरएम कुलदीप सिंह भी सहारनपुर स्टेशन पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। स्टेशन अधीक्षक जवाहर सिंह ने बताया कि पटरी से उतरने के बाद तकनीकी टीम ने ट्रेन को पटरी पर कर दिया। इससे ट्रैफिक प्रभावित नहीं हुआ। यार्ड के ट्रैक पर डीरेल्ड होने से ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से रवाना किया गया।