सहारनपुर। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। चर्चा रही कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। युवती प्रदेश सरकार में मंत्री की रिश्तेदार बताई जा रही है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बुधवार की रात में करीब सवा सात बजे 28 वर्षीय युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि युवती ने आत्महत्या की है, इस कारण अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही तो युवती की बहन ने विरोध कर दिया और पुलिस वालों से नोकझोंक भी हुई। इससे कुछ देर हंगामे की स्थिति बन गई। चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने महिला कांस्टेबल और फोर्स बुलवा ली।
इसी दौरान प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री धर्म सिंह सैनी का पुत्र लव भी अस्पताल पहुंचा और युवती के परिजनों व पुलिस अधिकारियों से बात की। परिजनों ने लिखकर दे दिया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। उधर, आयुष राज्य मंत्री धर्म सिंह सैनी के प्रतिनिधि कमल गर्ग का कहना है कि युवती के परिवार से दूर की रिश्तेदारी है।