सहारनपुर। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ यूपी की शानदार जीत में गाजियाबाद के खिलाड़ी चमके। गाजियाबाद के निशांत ने मैच में आठ विकेट झटके, जबकि कप्तान अराध्य यादव ने सर्वाधिक 63 रन बनाए।
मैच में यूपी की ओर से तीन लोकल खिलाड़ी दीपक राणा, मोहम्मद अमान और वाहिद खेले। मगर तीनों में से कोई भी खास प्रदर्शन नहीं कर सका, जबकि सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और दर्शकों की नजर उन्हीं पर थी। लेकिन गाजियाबाद के निशांत और कप्तान अराध्य के शानदार प्रदर्शन ने मैच यूपी की मुट्ठी में ला दिया। निशांत गाजियाबाद के लोहिया नगर के रहने वाले हैं, जो 11वीं के छात्र हैं। पिता प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। निशांत घर के एकलौते चिराग हैं। निशांत ने दूसरी पारी में छह और मैच में कुल आठ विकेट लिए। बल्लेबाजी में यूपी की ओर से गाजियाबाद निवासी और टीम कप्तान अराध्य यादव ने सर्वाधिक 63 रन का योगदान दिया। अराध्य भी गाजियाबाद के बसंत विहार के रहने वाले हैं, जिनके पिता यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। बड़े भाई अंचित यादव यूपी की अंडर-19 टीम के खिलाड़ी हैं।
यूपी टीम के विजेता बनने की पूरी उम्मीद: यादव
सहारनपुर। यूपी टीम के कप्तान अराध्य यादव ने जीत में निशांत ठाकुर की गेंदबाजी की तारीफ की, मगर जीत का श्रेय पूरी टीम को दिया। अराध्य ने बताया कि यूपी की टीम विजय मर्चेंट ट्रॉफी के अपने सभी पांच मुकाबले जीत चुकी है। हम मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, विदर्भ और छत्तीसगढ़ को हरा चुकी है। इससे हमारे खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा है। उम्मीद जताई कि यूपी की टीम आगे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचेगी और विजेता बनेगी।
सहारनपुर: निशांत ठाकुर- फोटो : SAHARANPUR