निशांत की फिरकी के आगे ढेर हुई छत्तीसगढ़
सहारनपुर। अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम यूपी के निशांत ठाकुर की फिरकी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर कर मात्र 48 रन पर ढेर हो गई। निशांत ने दूसरी पारी में छह विकेट झटके।
ज्ञानकलश क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर छह नवंबर को शुरू हुए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम ने 131 रन बनाए थे। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम ने 220 रन बनाए। मैच के तीसरे और अंतिम दिन दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम 89 रन की बढ़त को भी पार नहीं कर सकी। निशांत ठाकुर की फिरकी के सामने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आउट होते चले गए और पूरी टीम मात्र 48 रन पर सिमट गई। निशांत ने मात्र 13 रन देकर सर्वाधिक छह विकेट लिए। छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण ने सर्वाधिक 11 रन बाए, बाकी खिलाड़ियों में से कोई भी दस का आंकड़ा तक नहीं छू सका। छत्तीसगढ़ की टीम 27.4 ओवर ही खेल सकी। इस प्रकार यूपी की टीम ने मैच एक पारी और 41 रन से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच के समापन पर नगर विधायक संजय गर्ग ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों, कोच और सपोर्टिंग स्टाफ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समापन कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया। इस मौके पर ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष योगेश गुप्ता, सचिव रवि सिंघल, प्रधानाचार्य अमित सेठी, एसडीसीए के अध्यक्ष अमर गुप्ता, सचिव लतीफुर्रहमान, वक्कार अहमद, प्रविंद्र सिंह, साजिद उमर, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, नरेंद्र कौशिक, राजकुमार राजू, पाली कालड़ा, भूपेंद्र कच्छल, रणधीर कपूर, नईम सैफी, सत्यम शर्मा, राकेश शर्मा, संजीव जखमोला, राजीव गोयल टप्पू, रविकांत धीमान, सचिन सैनी, विक्की चौधरी, मृदुला गर्ग, राहुल खान, अमजद सैफी आदि मौजूद रहे।