कारोबार की खबर- इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में खरीदारी करते ग्राहक।
सहारनपुर। सुबह और शाम के समय सर्दी अपना असर दिखा रही है। सर्दी बढ़ने के साथ ही गीजर और हीटर की मांग बढ़ने लगी है। इससे कारोबार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
महानगर की कोर्ट रोड और अंबाला रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर खरीदार हीटर और गीजर की खरीदारी कर रहे हैं। वैसे तो अभी हीटर वाली सर्दी नहीं पड़ रही है, लेकिन लोग पहले ही इन्हें खरीद रहे हैं। सुबह के समय सर्दी पड़ने के साथ लोगों को नहाने के लिए गर्म पानी चाहिए। ऐसे में लोग गीजर की खरीदारी कर रहे हैं। आने वाले दिनों में ठिठुरन वाली सर्दी बढ़ने पर इनकी मांग भी बढ़ने की उम्मीद है।
सामान्य गीजर के दाम तीन हजार रुपये से शुरू हैं। जो 15 हजार तक भी है। इसके अलावा लोगों को हीटर के साथ ब्लोअर भी पसंद आ रहे हैं। इनकी कीमत भी 700 रुपये से शुरू है। जो अपने डिजाइन और वॉट के हिसाब से अलग-अलग है। पहले जहां लोगों को हॉट रॉड वाले हीटर पसंद आ रहे थे, अब खरीदार गर्म हवा फेंकने वाले हीटर अधिक पसंद कर रहे हैं।
- बोले कारोबारी
- अंबाला रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के मालिक करणदीप सिंह ने बताया कि गीजर और हीटर की बिक्री बढ़ रही है। हर दिन छह से सात खरीदार हीटर की खरीदारी कर रहे हैं। सर्दी बढ़ने के साथ ही इसमें और भी तेजी आने की उम्मीद है।
- बेहट के इलेक्ट्राॅनिक कारोबारी संजय सिंह ने बताया कि सुबह और शाम के समय सर्दी होने से गर्म पानी की अधिक आवश्यकता है। आमजन फाइव स्टार रेटिंग गीजर या फिर चार स्टार रेटिंग हीटर अधिक पसंद कर रहे हैं।