सहारनपुर। कोरोना को लेकर लोगों में डर नहीं रह गया है। लोग कोरोना को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं और ना ही उन्हें अपनी जिंदगी की परवाह है। तभी तो कोविड टीकाकरण केंद्रों पर सन्नाटा पसर रहा है। टीका लगवाने में किशोर वह रुचि नहीं दिखा रहे हैं जो शुरू में थी। दूसरी खुराक लेने वालों का प्रतिशत करीब 40 तक पहुंचा है। इसके अलावा बूस्टर डोज लगवाने के लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स और 60 साल से अधिक के लोग लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में समाज के जिम्मेदार और गण्यमान्य लोग शत प्रतिशत लोगों से टीका लगवाने की अपील कर रहे हैं। पेश है रिपोर्ट...
गण्यमान्यों की अपील
अंतरराष्ट्रीय योग आचार्य पद्मश्री भारत भूषण का कहना है कि अच्छा स्वास्थ्य मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। स्वस्थ व्यक्ति की खुद के, परिवार के, समाज के और देश के विकास में भागीदार बन सकता है। कोरोना को लेकर लोगों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। हमने दूसरी लहर में इसकी भयावहता को देखा है। ऐेसे में जिन लोगों ने कोविड टीका नहीं लगवाया है वह टीका जरूर लगवाएं।
-- जिला अधिकारी अखिलेश सिंह का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने सराहनीय कार्य किया है। सरकार सभी को मुफ्त में टीका उपलब्ध करा रही है। हमारे स्वास्थ्यकर्मी टीका लगाने के लिए सुबह से शाम तक केंद्रों पर बैठ रहे हैं। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति कोविड टीका नहीं लगवा रहा है तो वह ठीक नहीं है। कोविड टीका पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे लगवाना चाहिए।
शहर काजी नदीम अख्तर का कहना है कि अभी तक टीके का कोई दुष्प्रभाव नजर नहीं आया है। ऐेसे में जो लोग टीका लगवाने से रह गए हैं वह बिना किसी संकोच और डर के टीका जरूर लगवाएं। सरकार फ्रंट लाइन वर्कर्स और सीनियर सिटीजन के लिए बूस्टर डोज भी लगा रही है। जो लोग इस श्रेणी में आते हैं उनको भी टीका लगवाकर खुद को कोरोना से सुरक्षित बनाना चाहिए।
पार्षद मंसूर बदर का कहना है कि वह वैक्सीन की दोनों खुराक खुद भी ले चुके हैं और परिजनों को भी लगवा चुके हैं। उन्होंने अपने वार्ड में लोगों को घरों से बुलवाकर टीके लगवाए हैं। इन दिनों किशोरों का टीकाकरण चल रहा है, जिसमें लोग टीका लगवाने नहीं पहुंच रहे हैं। टीकाकरण से छूटे लोगों को टीका लगवाकर सरकार की इस मुहिम को आगे बढ़ाना चाहिए।
टीवी कलाकार उर्मिला का कहना है कि केवल भारत सरकार है जो अपनी जनता को मुफ्त में वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। इसके बावजूद लोगों का वैक्सीन न लगवाना लापरवाही को दर्शाता है। साथ ही टीका नहीं लगवाना इसलिए भी गलत है, क्योंकि भविष्य में यदि वह व्यक्ति संक्रमित होता है तो वह परिवार और समाज के लिए भी खतरा बन सकता है। क्योंकि वह संक्रमण को फैलाने की वजह बन सकता है।
-राधा विहार स्थित श्री मां काली मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद महाराज का कहना है कि कोराना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, यह विभिन्न स्वरूप में लौट कर आ रहा है। ऐसे में इस संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाना जरूरी है। जिन्होंने किसी कारण अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई, उन्हें अपने और परिवार की सुरक्षा को टीकाकरण जरूर करना चाहिए।
पदमश्री भारत भूषण- फोटो : SAHARANPUR
डीएम अखिलेश सिंह- फोटो : SAHARANPUR
कलाकार उर्मिला शर्मा- फोटो : SAHARANPUR