देवबंद में तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराते किसान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बैंकों से गन्ना मूल्य भुगतान पाने में आ रही परेशानी समेत अन्य समस्याओं को लेकर किसानों ने मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रणबीर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने अधिकारियों को प्रेषित शिकायत में बताया कि कोऑपरेटिव समेत अन्य बैंक किसानों को एक सप्ताह में दो हजार रुपये दे रहे हैं। इससे किसानों का खेती का खर्च भी नहीं निकल पा रहा है। चीनी मिल अस्वीकृत गन्ना प्रजाति को खरीदने आनाकानी कर रहा है।
पिछले वर्ष भी किसानों को इसी समस्या से जूझना पड़ा था। तब अधिकारियों की मौजूदगी में तय हुआ था कि स्वीकृत तथा अस्वीकृत प्रजाति की एक ही पर्ची जारी होगी। लेकिन, इस बार चीनी मिल फिर से किसानों को परेशान कर रहा है। मिल प्रबंधन की इस हठधर्मिता का किसान एकजुट होकर जवाब देंगे। किसानों ने अवैध गन्ना खरीद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को आश्वासन दिलाया कि पांच जनवरी को मिल प्रबंधन के साथ वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में अनिल त्यागी, ओमप्रकाश, रामपाल सिंह पुंडीर, नवीन सिंह, विक्रम सिंह, सत्यपाल सिंह, पंकज त्यागी, विकास त्यागी, अनिल चौधरी, संजय ठाकुर, राहुल गुर्जर, अमरीश राणा आदि मौजूद रहे।