गैस की किल्लत : सहारनपुर के बाजोरिया रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर की पर्ची के लिए लाइन में
सहारनपुर। गैस लेने के लिए रविवार को एजेंसियों के बाहर भीड़ और बढ़ गई। भीड़ बढ़ने का पहला कारण रविवार का अवकाश होना और दूसरा कारण सोमवार को गैस एजेंसियों की निर्धारित छुट्टी का दिन रहना रहा।
गैस किल्लत की मारामारी के बीच बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। रविवार को छुट्टी होने के चलते गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ और बढ़ गई। आमजन सुबह से ही गैस की पर्ची और गैस को बुक कराने के लिए लंबी लाइनों में लगे रहे। वहीं गैस की पर्ची लेने के बाद गैस गोदामों पर भी लोगों की भीड़ गैस लेने के लिए लगी रही। प्रशासन का दावा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस की आपूर्ति है। गैस फिलिंग प्लांट से हर रोज गैस की आपूर्ति हो रही है, लेकिन इसके बावजूद जटिल प्रक्रिया ने लोगों को लाइन में लगने के लिए मजबूर कर दिया है। कई उपभोक्ता एजेंसी द्वारा जारी नंबरों पर कॉल कर रहे हैं। कॉल करने के बाद या तो गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, या गैस बुक होने के बाद मिलने वाला यूनिक नंबर का मैसेज नहीं आ पा रहा है। ऐसे में उपभोक्ता लाइन में लगने को मजबूर है। बाजोरिया रोड स्थित गैस एजेंसी पर भी रविवार को सुबह से ही काफी लंबी लाइन लगी रही। उपभोक्ता गैस बुकिंग कराने के लिए लाइन में लगे रहे। कईयों को ईकेवाईसी करानी पड़ रही है। ऐसे में उपभोक्ता परेशान है।
- अभिनेत्री उर्मिला ने सिलिंडर को तिलक कर उतारी आरती
सहारनपुर। गैस की किल्लत के बीच टीवी अभिनेत्री उर्मिला सनावर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। उसमें उर्मिला घर पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी लेकर आए कर्मी को पहले तिलक करती है। इसके साथ ही सिलिंडर को भी तिलक करती है। दोनों की आरती उतारती हैं। वीडियो के साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और गैस व्यवस्था पर तंज कसते हुए एक पोस्ट भी लिखी है। अपनी पोस्ट में कहा कि पहले नोटबंदी और फिर लॉकडाउन के बाद अब गैस सिलिंडर की कमी से महिलाओं को चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर किया जा रहा है। आगे लिखा कि सरकार के यह कदम महत्वपूर्ण है और ऐसा लगता है कि जैसे महिलाओं से बदला लिया जा रहा है। पोस्ट में व्यक्तिगत अनुभवों और राजनीतिक संदर्भों पर चुटीले अंदाज में तंज कसा है।