जनकपुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने चारों युवकों पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में यह भी बताया कि चारों युवकों ने उससे खुद ही संपर्क किया था। झांसा दिया था कि उनके साथ काम करेगी तो रुपये भी मिलेंगे और बड़े लोगों से जान-पहचान भी बनेगी।
बकौल युवती, शुरुआत में आरोपियों ने उसे पूरी तरह से विश्वास में ले लिया। इसके बाद धीरे-धीरे उसके साथ कभी अभद्र भाषा में बात करते तो कभी उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। विरोध करने पर बोल देते थे कि मजाक ही तो किया है। युवती का कहना है कि उसे यह आभास नहीं था कि आरोपी उसे अपने जाल में फंसा रहे हैं। आरोपियों ने उसे दिल्ली में डांस पार्टी कराने का झांसा देकर बुलाया था। इसके बाद लगातार कई माह तक उसे बंधक बनाकर इधर-उधर रखते रहे।
पीड़िता का कहना है कि जब-जब उसने विरोध किया तो उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी गई। डर की वजह से वह आरोपियों के जुल्म सहती रही। जिस दिन झिंझाना में उसे छत से फेंका, तब आसपास के लोग भी आ गए थे, तब आरोपियों ने उनके सामने ऐसा दर्शाया कि वह गिर गई है। आरोपी उसके सामने किसी से बात भी करते थे, जो उसे कहते थे कि यह आईपीएस अधिकारी है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।