सहारनपुर। देवबंद को छोड़कर जनपद की अन्य सात चीनी मिलें गन्ना मूल्य भुगतान में कोताही बरत रही हैं। इसके चलते मिलों पर किसानों का 201 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया हो गया है। इसमें सबसे अधिक 118 करोड़ रुपये गांगनौली चीनी मिल पर अवशेष है।
गन्ना क्रय अधिनियम के अनुसार गन्ना मिल में सप्लाई होने के 14 दिनों के अंदर किसान को गन्ना मूल्य भुगतान हो जाना चाहिए। इसके बाद भुगतान करने पर बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज देने का भी प्रावधान है। किसानों को न तो समय पर गन्ना मूल्य भुगतान ही हो रहा है और न ही बकाया पर ब्याज ही मिल रहा है। जिले में देवबंद चीनी मिल को छोड़कर अन्य सात चीनी मिलों पर 201 करोड़ रुपये बकाया हो गया है। भुगतान में सबसे पीछे गांगनौली चीनी मिल है। समय पर भुगतान नहीं होने से किसान परेशान हैं।