छुटमलपुर। फतेहपुर पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना सद्दाम निवासी शेखुपुर मुजाहिदपुर को एसबीआई बैंक मुजफ्फराबाद के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से टावर के छह बैटरी और नकदी मिली।
सीओ सदर पवन कुमार ने बताया कि आठ मई को गोविंद कुमार निवासी हलालपुर चिलकाना रोड सहारनपुर की तहरीर पर मोबाइल टावर से 26 सेल चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमेें सलमान हुसैन बस्ती बेहट अड्डा, सारिक, कादिर निवासीगण अकबरपुर सुनेहटी कैराना और शुएब घन्ना खंडी कोतवाली देहात के नाम प्रकाश में आए थे। विवेचना के दौरान सद्दाम शेखुपुर मुजाहिदपुर, शमशाद गंदराऊ कैराना, फरमान मोहल्ला तैमूर शाह दिल्ली अड्डा शामली, अकबर निवासी करमूखेड़ी शामली और विकास गर्ग निवासी जैन विहार शामली के नाम सामने आए थे। इनमें छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
रविवार को प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सद्दाम को पकड़ लिया। पुलिस को आरोपी की साढ़े चार माह से तलाश थी। आरोपी पर विभिन्न थानों में 36 मुकदमे दर्ज हैं। अब इस मामले में फरमान सहित एक अन्य आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है।
सीओ ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर थाना गागलहेड़ी, बेहट, चिलकाना, जनकपुरी, कोतवाली देहात आदि जगहों पर मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की थीं।