फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ियों से बदसलूकी पर हंगामा

Sun, 31 Jul 2016 01:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
hangama - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सहारनपुर में अंबाला रोड पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा कांवड़ियों के साथ बदसलूकी किए जाने से हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होेंने बदसलूकी की शिकायत की तो पुलिस ने चार कार्यकर्ताओं को ही चौकी में जबरन रोक लिया।
विज्ञापन


इससे नाराज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और कांवड़ियों ने थाना कुतुबशेर पर हंगामा करते हुए अंबाला रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों से नगर विधायक एवं हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की कहासुनी हुई।

करीब चार घंटे चला हंगामा हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को छोड़ने के बाद ही शांत हुआ। शुक्रवार की रात कांवड़िए गंगा जल लेकर अंबाला रोड से होकर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे नकुड़ तिराहे के पास कुछ शरारती तत्वों ने कांवड़ियों को भगवान शिव के जयकारे लगाने  से रोक दिया।
विज्ञापन


जब कांवड़ियों ने इसका विरोध किया तो कांवड़ियों के साथ बदसलूकी की गई।  पीड़ित कांवड़ियों ने इसकी जानकारी कुछ दूर लगे शिविर में दी। इसका पता जैसे ही हिंदू  संगठन के कार्यकर्ताओं को चला तो वह नकुड़ तिराहे पर बनी  पुलिस चौकी पर पहुंचे। वहां पुलिस ने चार कार्यकर्ताओं को जबरन रोक लिया। 

इसकी जानकारी जैसे ही अन्य हिंदू संगठनों को मिली तो उनके कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद सभी थाना कुतुबशेर पर जमा हो गए। हंगामा बढ़ने की सूचना पर एसपी सिटी संजय सिंह, एएसपी सुनीति समेत कई पुलिस अफसर थाना कुतुबशेर पहुंचे।
 
जानकारी लगते ही नगर विधायक राजीव गुंबर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, बजरंग दल के राहुल झांग साथियों के साथ पहुंच गए।

उन्होंने कांवड़ियों से बदसलूकी करने वालों पर कार्रवाई करने और पुलिस द्वारा पकड़े गए कार्यकर्ताओं को छोड़ने की मांग की। इसे लेकर नगर विधायक एवं हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की पुलिस अफसरों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।

मांग न माने जाने से हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और जाम लगा दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। मामला बढ़ता देख रात करीब ढाई बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने छोड़ दिया।

साथ ही कांवड़ियों से बदसलूकी करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का आश्वासन भी पुलिस अफसरों के द्वारा दिया गया। करीब चार घंटे चले हंगामे और प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों की सांसें फूली रही। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें