पुराना आवास विकास में नगर निगम की ओर से बनवाई जा रही सड़क में धांधली का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए कार्य रुकवा दिया। मौके पर पहुंची नगर निगम अफसरों की टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामले में लोग शिकायत लेकर नगर विधायक और डीएम कार्यालय भी पहुंचे थे।
दरअसल, नगर निगम दो दिन से आवास विकास के दशहरा पार्क के पास की सड़कों का निर्माण करा रहा है। मंगलवार की दोपहर स्थानीय लोगों ने सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने तथा सड़क बनाने में मानकों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते निर्माण काय रुकवा दिया।
इसके बाद ठेकेदार ने नगर निगम अधिकारियों को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंचे निगम के इंजीनियरों ने स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माने। लक्ष्मीनारायण अरोड़ा, चंद्रप्रकाश, प्रवीन, राजकुमार आदि का आरोप है कि नगर निगम की ओर से बनवाई जा रही सड़क की मोटाई दो से ढाई इंच रखी गई है, जिसकी वजह से सड़क दो दिन में ही टूटनी शुरू हो गई है।
आरोप लगाया कि आवास की विकास में ही दूसरी साइड निगम ने जो सड़क बनाई है, वह काफी मोटी और टिकाऊ है, जिसकी वजह उक्त क्षेत्र में नेताओं के आवास होना है। कहा कि निगम एक ही कॉलोनी में सड़क बनाने में दो मानक नहीं अपना सकता।
स्थानीय लोगों शिकायत लेकर डीएम पवन कुमार और नगर विधायक राजीव गुंबर के पास पहुंचे थे।
शिकायत कर्ताओं में राजीव जैन, पीएम ध्यानी, उज्ज्वल सेठ, बदरी प्रसाद, जयदीप सिंह, राम बजाज, सत्य, विवेक, दीपक, आकाश, विजय, आशीष आदि रहे।