आवास-विकास में निधि समर्पण अभियान के तहत एक घर में बैठे टोली के सदस्य
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण से जन-जन को जोड़ने की कवायद चल रही है। इसी उद्देश्य से जनपद में आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों की 917 टोलियां निकाली गई हैं। कूपन के अलावा दान दाताओं से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराया जा रहा है। एक टोली 200 परिवारों से संपर्क कर रही है।
शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से गांव-गांव और गली-मोहल्लों से श्रीराम जन्म भूमि निधि समर्पण संपर्क अभियान की शुरूआत हो गई है। अभियान में आरएसएस, विहिप, बजरंग दल सहित सभी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हैं। खास बात है कि दान दाताओं से नकद धनराशि दान स्वरूप ग्रहण करने के अलावा बैंक खाते में भी दान की राशि जमा कराने को कहा जा रहा है। प्रत्येक टोली को दस, 100 और एक हजार रुपये के कूपन दिए गए हैं।
अभियान के जिला संयोजक व आरएसएस के विभाग संघ चालक राकेश वीर और महानगर संयोजक अशोक चावला ने बताया कि महानगर में 317 टोलियां बनाई गई हैं। जबकि ग्रामीण अंचल में 600 टोलियों ने घर-घर जाकर संपर्क शुरू कर दिया है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक हिंदू परिवार को श्रीराम मंदिर निर्माण से जोड़ना है। 31 जनवरी तक चलने वाले अभियान के लिए सभी टोलियों को कूपन और रसीद बुक दी गई हैं।
रोजाना बैंक में जमा होगा दान का पैसा
एक टोली में तीन से चार सदस्य हैं। इनमें एक प्रमुख बनाया गया है। मंदिर निर्माण के लिए एकत्र होने वाली धनराशि को रोजाना एसबीआई और पीएनबी में श्रीराम जन्म तीर्थ स्थल ट्रस्ट के खाते में जमा किया जाएगा।