सहारनपुर। बसपा के पूर्व देवबंद विधानसभा प्रभारी नवीन खटाना ने बसपा नेताओं के विरुद्घ मोर्चा खोलते हुए बृहस्पतिवार को देवबंद के ग्राम बीरपुर, भाटोल आदि गांवों में जनसंपर्क किया। आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में बसपा नेताओं ने उनको गुमराह किया है।
बृहस्पतिवार को नवीन खटाना ने कहा कि वह गांव-गांव जाकर लोगों को अपने साथ हुए अन्याय की जानकारी देंगे। इसको लेकर महापंचायत भी की जाएगी। महापंचायत में बसपा के नेताओं को बेनकाब किया जाएगा। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में नवीन खटाना की माता शिमला देवी को नामांकन करना था, लेकिन बसपा नेताओं ने नामांकन के लिए कोई प्रस्तावक एवं अनुमोदक उपलब्ध नहीं कराया।
बसपा कार्यालय पर किया प्रदर्शन
सहारनपुर। बसपा कार्यालय पर बृहस्पतिवार को कुछ युवाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने खुद को बसपा से जुड़ा बताया और कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं की वजह से छवि धूमिल हो रही है, इसलिए ऐसे नेताओं को पार्टी से निकाला जाए। साथ ही युवाओं को पार्टी में तवज्जो देने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पर अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बसपा सुप्रीमो को भी पत्र भेजा गया है। प्रदर्शन करने वालों में रोहित, नफे सिंह, सोनित, संजीव कुमार, राहुल, मोनू, सचिन, अनुज, राहुल, सोनी, अरविंद आदि शामिल रहे।