12 घंटे में एक ही जगह दो बार बेपटरी हुई मालगाड़ी
सहारनपुर। महज 12 घंटे पहले शुक्रवार शाम जहां पर मालगाड़ी डिरेल हुई थी, उसी स्थान पर शनिवार सुबह दूसरी मालगाड़ी बेपटरी हो गई। इस मालगाड़ी का भी बीच वाला डिब्बा पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि समय रहते ट्रेन रोक ली गई, जिससे नुकसान होने से बच गया। अंबाला से डीआरएम टीम के साथ जांच कराने के लिए सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए।
शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे मुरादाबाद की तरफ से अंबाला की तरफ जा रही कोयला से भरी मालगाड़ी सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर सात के पास ट्रैक पर बेपटरी हो गई थी। करीब 500 मीटर तक ट्रेन बेपटरी रहने के काण 60 से ज्यादा स्लीपर भी टूट गए थे। देर रात करीब तीन बजे तक ट्रैक ठीक कराया गया था, जिसके बाद ट्रैक को चेक करने के लिए ट्रेन चलाकर ट्रायल भी किया गया था।
वहीं, शनिवार सुबह करीब सात बजे मुरादाबाद की तरफ से आई मालगाड़ी जैसे ही प्लेटफार्म नंबर सात के बराबर में उसी ट्रैक पर आने लगी। बीच वाला डिब्बा बेपटरी हो गया। रेलवे अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया गया और बेपटरी हुए डिब्बे को पटरी पर लाया गया। इसके बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे अंबाला डिवीजन के डीआरएम गुरिंदर मोहन सिंह के अलावा तकनीकि विभाग की पूरी टीम मौके पर पहुंची।
---- वर्जन
रात में डिरेलमेंट होने के बाद मरम्मत करा दी गई थी और ट्रायल भी हो गया था। बावजूद मालगाड़ी बेपटरी होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जांच कमेटी बनाई जा रही है। सभी पहलू पर जांच कराई जा रही है। जिस स्तर पर भी लापरवाही हुई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -- गुरिंदर मोहन सिंह, डीआरएम, अंबाला डिवीजन