सहारनपुर। रक्षाबंधन पर्व पर परिवहन निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बृहस्पतिवार यानी आज सुबह सात बजे से रोडवेज बसों में बहनें निशुल्क सफर कर सकेंगी। उनके साथ के सहयोगी का भी किराया नहीं लगेगा। यह सुविधा 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
परिवहन निगम के सहारनपुर डिपो ने करीब 150 बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। इन बसों ने देहरादून, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, शामली, अंबाला, गंगोह, नकुड़ सहित अन्य स्थानीय मार्गों पर एक-एक अतिरिक्त फेरे लगाने शुरू कर दिए हैं। बेहतर संचालन के लिए रेलवे रोड, कांशीराम कॉलोनी और मानकमऊ बस स्टैंड पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। इनकी जिम्मेदारी बस स्टैंड से बसों को सही समय पर संचालन कराना है। इसलिए 31 अगस्त तक कर्मचारियों की छुट्टी भी निरस्त कर दी है, जिससे महिलाओं को सफर के दौरान कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर बस स्टैंड का निरीक्षण किया जाएगा। अगर रास्ते में बसें खड़ी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
आज चंडीगढ़ से लखनऊ के बीच चलेगी रक्षाबंधन स्पेशल
रेलवे ने भी रक्षाबंधन पर स्पेशल ट्रेन की घोषणा कर दी है। अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि ट्रेन नंबर 04546 चंडीगढ़-लखनऊ स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होगी, जो अंबाला कैंट, बराड़ा, जगाधरी वर्कशॉप, यमुनानगर-जगाधरी होते हुए सहारनपुर में रात 10:25 बजे आएगी। मुरादाबाद, बरेली, सुल्तानपुर, हरदोई, आलमनगर होकर लखनऊ में अगले दिन सुबह 9:30 बजे पहुंचेगी। 28 अगस्त को वापसी में ट्रेन नंबर 04545 लखनऊ-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन लखनऊ से दोपहर एक बजे रवाना होगी। इसके बाद आलमनगर, हरदोई, सुल्तानपुर, बरेली, मुरादाबाद होते हुए सहारनपुर में रात 11:20 बजे आएगी। यह ट्रेन 17 कोच की है और अप-डाउन में एक-एक चक्कर लगाएगी।